. हिमाचल में सीमेंट 10 रुपये प्रति बैग महंगा, 10 दिन में दूसरी बार बढ़े दाम

0
44

ब्यूरो रिपोर्ट

हिमाचल प्रदेश में महंगाई के बीच सीमेंट के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। सीमेंट कंपनियों ने शुक्रवार को प्रति बैग पांच रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इससे पहले 15 सितंबर को भी सीमेंट के दाम पांच रुपये प्रति बैग बढ़ाए गए थे। ऐसे में महज 10 दिन के भीतर सीमेंट की कीमतों में कुल 10 रुपये प्रति बैग तक का इजाफा हो गया है। सीमेंट के दाम बढ़ने से अब लोगों को मकान बनाने और अन्य निर्माण कार्यों पर पहले के मुकाबले अधिक खर्च करना पड़ेगा।सीमेंट विक्रेताओं पवन, रोहित, मनोज और राकेश के अनुसार, कंपनियों ने 15 सितंबर को प्रति बैग पांच रुपये की बढ़ोतरी की थी। अब दोबारा पांच रुपये दाम बढ़ाए गए हैं। नई दरें लागू होने के बाद सीमेंट इन्हीं कीमतों पर बेचा जा रहा है।नई कीमतों के अनुसार, एसीसी सुरक्षा सीमेंट का बैग अब 415 रुपये से बढ़कर 425 रुपये हो गया है। इसी तरह एसीसी गोल्ड सीमेंट की कीमत 465 रुपये से बढ़कर 475 रुपये प्रति बैग पहुंच गई है। वहीं, बांगड़ सीमेंट के दाम 390 रुपये से बढ़कर 400 रुपये प्रति बैग हो गए हैं। अल्ट्राटेक सीमेंट की कीमत करीब 405 रुपये प्रति बैग बताई जा रही है।सीमेंट की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर निर्माण कार्यों के बजट पर पड़ रहा है। जो लोग मकान बनाने या मरम्मत का काम करवा रहे हैं, उन्हें अब सीमेंट खरीदने के लिए अधिक पैसे खर्च करने होंगे। यदि कोई व्यक्ति 10 दिन पहले की तुलना में अब 50 बैग सीमेंट खरीदता है, तो उसे करीब 500 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ेंगे। वहीं, 100 बैग सीमेंट खरीदने पर एक हजार रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।बड़े निर्माण कार्यों में सीमेंट की खपत सैकड़ों बैग में होती है। ऐसे में कीमतों में प्रति बैग 10 रुपये की बढ़ोतरी से कुल निर्माण लागत में भी उल्लेखनीय इजाफा हो सकता है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए सीमेंट के बढ़ते दाम मकान बनाने का सपना और महंगा कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here