सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए चिट्टा सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा

0
132

संध्या कश्यप नाहन

सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत में हेरोइन यानी चिट्टा पहुंचाने वाले एक कथित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य सप्लायर को पंजाब के सीमावर्ती जिला तरनतारन से गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में नेटवर्क के तार हिमाचल और पंजाब से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।मामले की शुरुआत 11 अप्रैल 2026 को हुई, जब कालाअंब पुलिस की टीम ने दो आरोपियों आकाशदीप और रणजीत को 294 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए वाहन मालिक गंधर्व थापर को पंचकूला से गिरफ्तार किया।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और डिजिटल डेटा की पड़ताल की। तकनीकी जांच से पुलिस को पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्र तरनतारन तक सुराग मिले। इसके बाद सिरमौर पुलिस की टीम ने 17 मई 2026 को तरनतारन में कार्रवाई करते हुए विरेंद्र पाल को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हेरोइन भारत में पहुंचाए जाने से जुड़ी जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से नेटवर्क की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई।जांच के आगे बढ़ने पर पुलिस टीम ने तरनतारन के सीमावर्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए उमर बीर सिंह को मुख्य सप्लायर के तौर पर गिरफ्तार किया। पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पहुंचाई जाने वाली हेरोइन की सप्लाई हिमाचल प्रदेश और पंजाब के किन-किन इलाकों में की जाती थी और इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।सिरमौर पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here