चार महीने बाद खुला पंचायत चुनाव का ‘राज’! पहली गिनती में हार, रिकाउंटिंग में जीत… आखिर कैसे बदल गया पूरा नतीजा?

0
279

ब्यूरो रिपोर्ट।

चंबा। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब चार महीने बाद चंबा जिले से सामने आया एक मामला चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सलूणी विकासखंड की ठाकरी मट्टी पंचायत में प्रधान पद के लिए दोबारा हुई मतगणना के बाद चुनाव का पूरा परिणाम ही बदल गया।26 मई को हुई पहली मतगणना में संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था, जबकि भारती ठाकुर को 37 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन करीब चार महीने बाद हुई रिकाउंटिंग में तस्वीर पूरी तरह बदल गई और भारती ठाकुर को 44 मतों से विजेता घोषित कर दिया गया।पहली मतगणना में संतोष कुमारी को 597 वोट, जबकि भारती ठाकुर को 561 वोट मिले थे। इस आधार पर संतोष कुमारी को प्रधान पद का विजेता घोषित किया गया था।वहीं, दोबारा हुई मतगणना में भारती ठाकुर के वोट बढ़कर 601 हो गए, जबकि संतोष कुमारी के वोट 557 रह गए। इस तरह रिकाउंटिंग के बाद भारती ठाकुर ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।पहली मतगणना के दौरान 5 वोट अवैध पाए गए थे, जबकि 4 मतदाताओं ने NOTA का विकल्प चुना था।चार महीने के अंतराल के बाद एक ही चुनाव की मतगणना में इतना बड़ा बदलाव सामने आने से अब चुनाव प्रक्रिया और पहली मतगणना में अपनाई गई कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर पहली गिनती में ऐसा क्या हुआ कि विजेता और हारने वाले प्रत्याशी का पूरा परिणाम ही बदल गया? यह सवाल अब इस मामले में सबसे अहम बना हुआ है।रिकाउंटिंग के बाद भारती ठाकुर को ठाकरी मट्टी पंचायत का प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया है। मामला सामने आने के बाद यह चुनावी घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here