14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, गर्भवती होने पर खुला राज

0
651

ब्यूरो रिपोर्ट।

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। वारदात का खुलासा उस समय हुआ, जब तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच में नाबालिग के गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, मामला सुंदरनगर पुलिस थाना क्षेत्र से जुड़ा है। नाबालिग ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि स्कूल की छुट्टियों के दौरान वह अपनी मां के साथ पंजाब गई थी। वहां दोनों एक कमरे में ठहरी हुई थीं। आरोप है कि इसी दौरान रात के समय एक व्यक्ति कमरे में घुसा और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इसी डर के कारण उसने काफी समय तक घटना के बारे में किसी को नहीं बताया।
तबीयत बिगड़ने पर जब नाबालिग को अस्पताल ले जाया गया तो जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, घटना पंजाब के एसएएस नगर (मोहाली) जिले के बलौंगी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। चूंकि वारदात दूसरे राज्य के थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए सुंदरनगर पुलिस ने तत्काल जीरो एफआईआर दर्ज कर उसे आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से बलौंगी पुलिस स्टेशन भेज दिया है। संबंधित थाना पुलिस को टेलीफोन के माध्यम से भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here