नितेश सेनी मंडी।
मंडी। सुंदरनगर उपमंडल के हराबाग क्षेत्र में एक महिला ने एक व्यक्ति पर घर में घुसकर कथित दुष्कर्म करने और करीब पांच लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सुंदरनगर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि 3 और 4 अगस्त की रात एक व्यक्ति उसके घर में घुस आया और कमरे में उसके साथ जबरदस्ती की। महिला का आरोप है कि घटना के दौरान और इसके बाद आरोपी ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकियां भी दीं।महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी घर की अलमारी से करीब पांच तोले सोने के आभूषण चोरी कर ले गया। चोरी हुए गहनों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने सहित शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के समय घर में मौजूद लोगों, आरोपी के घर में प्रवेश करने, कथित वारदात और आभूषण चोरी से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है।डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस कथित दुष्कर्म, चोरी और धमकी के आरोपों की जांच में जुटी हुई है।