हिमाचल में फिर बिगड़ेगा मौसम, 28 से 30 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

0
39

ब्यूरो रिपोर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखा सकता है। मौसम विभाग ने 28 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 28 जुलाई को शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं, 29 जुलाई को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर तथा 30 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने एक अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया है।लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के चलते प्रदेशभर में 135 सड़कें बंद हैं। सबसे अधिक 54 सड़कें कुल्लू जिले में बंद हैं। इसके बाद मंडी में 43, शिमला में 15, चंबा में आठ, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में पांच-पांच, सिरमौर में चार और ऊना में एक सड़क बंद है।खराब मौसम का असर पेयजल और बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। प्रदेश में 38 पेयजल योजनाएं और 44 बिजली ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं। वहीं, 30 जून को मानसून के आगमन के बाद से भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सुंदरनगर में सबसे अधिक 65.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here