ब्यूरो रिपोर्ट ।
बद्दी। पुलिस थाना बरोटीवाला के तहत भटौली खुर्द में किराए के मकान में रह रहे एक परिवार में घरेलू विवाद के बाद महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता और आरोपी की पहचान सुरेंद्र, निवासी झारखंड, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि सुरेंद्र ने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरैंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी बद्दी भेज दिया।एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरैंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे केवल घरेलू विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।