सड़क किनारे खेत में जा गिरा ट्रक, चालक व परिचालक सुरक्षित

0
53

चंबा ( ओपी शर्मा , संवाददाता ),

जिला चम्बा के धरवाला–कुंडी तुर सड़क मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। बजरी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा पलटा। राहत की बात यह रही कि ट्रक में सवार चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित बच गए। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सड़क पर संतुलन खो बैठा और सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में वाहन को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि धरवाला–कुंडी तुर सड़क मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई सड़क और खराब सतह के कारण वाहन चालकों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि गुरुवार का हादसा भी विभागीय लापरवाही का नतीजा है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि धरवाला–कुंडी तुर सड़क मार्ग की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here