कालाअम्ब के गत्ता उद्योग में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका

0
24

नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ),

औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गत्ते के डिब्बे बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाते हुए आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया और वहां काम बंद करवा दिया, ताकि आग अन्य उद्योगों तक न फैल सके और किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित उद्योग में गत्ते के डिब्बों का निर्माण किया जाता था। फैक्ट्री के भीतर बड़ी मात्रा में कच्चा माल, तैयार कार्टन और महंगी मशीनरी मौजूद थी, जो आग की चपेट में आकर बुरी तरह जल गई। आग से फैक्ट्री भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कालाअम्ब के अलावा नाहन और हरियाणा के नारायणगढ़ से भी कई दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया और उसे आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने में जुटे रहे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।राहत की बात यह रही कि किसी भी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने तथा विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here