ब्यूरो रिपोर्ट
कांगड़ा। जिले के मोहटली में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 47 वर्षीय बाइक सवार राजिंद्र सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चलाते समय अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में राजिंद्र सिंह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल राजिंद्र सिंह को सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।मृतक के पिता निर्मल सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि राजिंद्र सिंह को पहले भी दिल का दौरा पड़ चुका था और वह नियमित रूप से दवाइयां ले रहे थे। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे में किसी अन्य वाहन की संलिप्तता सामने नहीं आई है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
