ब्यूरो रिपोर्ट।
हमीरपुर फोरलेन पर भूंपल के निकट सुकराला नाले पर बने पुल के पास शुक्रवार रात दो कारों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी एक परिवार कार में सवार होकर हमीरपुर के हीरानगर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। शुक्रवार शाम यह परिवार ज्वालामुखी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुकराला नाले पर बने पुल के पास सामने से आ रही दूसरी कार के साथ उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में अर्टिगा कार में सवार विजय कुमार, विनय कुमार, पदमा देवी पत्नी विजय कुमार, मानवी तथा बुल्लो गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं तीन मासूम बच्चों सांची, सानया और वान्या सहित माल्या देवी को भी चोटें आई हैं। दूसरी कार में सवार चिराग और अक्षित भी घायल हुए हैं।स्थानीय लोगों और एंबुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।इस दर्दनाक हादसे में दिल्ली निवासी पदमा देवी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निर्मल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा यातायात प्रभारी नरेश कुमार मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।