रामपुर (सुरजीत नेगी , संवाददाता ),
विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर जलविद्युत स्टेशन में 16 मई से 31 मई 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा-2026” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को रामपुर एचपीएस में स्वच्छता पखवाड़े का विधिवत शुभारम्भ किया गया।
परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के मार्गदर्शन में मुख्य महाप्रबंधक (प्रापण एवं संविदा) बी. पी. सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने, अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक वर्ष स्वच्छता के लिए 100 घंटे समर्पित करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का आधार है तथा प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने कर्मचारियों से स्वच्छता को केवल अभियान न मानकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान परियोजना परिसर एवं परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत सफाई अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर एवं संदेश प्रदर्शन सहित कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से स्वच्छता को बढ़ावा दिया जाएगा।





