केलांग ( रंजीत लाहौली,संवाददाता ),
केलांग, 16 मई 2026। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत केलांग स्थित पुराने परिधि गृह प्रांगण में मतदान कर्मियों का प्रथम चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 287 मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) किरण भड़ाना तथा पंचायत चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. चिरंजी लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उपायुक्त किरण भड़ाना ने प्रिसाइडिंग एवं पोलिंग अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाएं और चुनाव प्रक्रिया को गंभीरता से समझते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू चुनाव सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण सत्र में खंड विकास अधिकारी (लाहौल) विवेक गुलेरिया तथा पंचायत निरीक्षक अंकित कपूर ने पंचायत चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। अधिकारियों को बैलेट पेपर, बैलेट बॉक्स और चुनाव में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
इसके अलावा मतदाताओं द्वारा मतपत्र पर सही तरीके से मोहर लगाने, मतदाता सूची के उपयोग तथा बीडीएमएस ऐप में ऑनलाइन डाटा भरने से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन ने बताया कि यह पूर्वाभ्यास आगामी पंचायत चुनावों को नियमों के अनुरूप, निष्पक्ष और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
