नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ),
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी की अनुशासन समिति ने जिला एवं मंडलों से प्राप्त शिकायतों पर गंभीर विचार-विमर्श करने के बाद इन गतिविधियों को अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अनुशासन समिति की अनुशंसा के आधार पर नगर परिषद नाहन से संबंधित कार्यकर्त्ता के खिलाफ पार्टी संविधान के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर 3 से लीला सैनी की प्राथमिक सदस्यता निलंबित की गई है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन और अनुशासन सर्वोपरि है तथा किसी भी स्तर पर अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध कार्य करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठनात्मक मर्यादा एवं अनुशासन के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
