संध्या कश्यप नाहन।
पांवटा साहिब के पुरुवाला क्षेत्र के संतोषगढ़ में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी झड़प का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई और तेजधार हथियारों व पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला किया गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां उनका मेडिकल करवाया जा रहा है। घटना की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दोनों पक्षों के बीच हो रही मारपीट दिखाई दे रही है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा झड़प के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।