नाहन के कार्यवाहक बीडीओ परमजीत ठाकुर के  तबादले की भाजपा ने उठाई  मांग, राज्य चुनाव आयोग को सौंपा शिकायत पत्र

0
82

नाहन (संध्या कश्यप , संवाददाता),

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायत चुनावों की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य चुनाव आयोग को शिकायत पत्र सौंपकर नाहन विकास खंड में कार्यवाहक बीडीओ के रूप में कार्यरत सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-II परमजीत ठाकुर के तत्काल तबादले की मांग की है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर द्वारा राज्य चुनाव आयुक्त को भेजे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि परमजीत ठाकुर स्थानीय कांग्रेस विधायक के करीबी सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं और अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भाजपा समर्थित लोगों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि वर्तमान तैनाती के दौरान वे राजनीतिक एजेंट की तरह कार्य कर रहे हैं और कांग्रेस से जुड़े व्यक्तियों को मनरेगा तथा अन्य स्थानीय योजनाओं में अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है।
भाजपा ने कहा कि पूर्व में कार्यरत सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-II विकास बंसल का भी राजनीतिक दबाव में तबादला किया गया था और उनकी जगह परमजीत ठाकुर को कांग्रेस के एजेंडे को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लाया गया। शिकायत पत्र में कहा गया है कि सिरमौर जिला की लगभग 25 पंचायतों में भाजपा समर्थित लोगों के कार्यों में बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं जबकि कांग्रेस समर्थित लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है।
भाजपा ने चुनाव आयोग को अवगत करवाया कि इस प्रकार की गतिविधियां ग्राम पंचायत चुनावों की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती हैं और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग की आशंका को बढ़ाती हैं। पार्टी ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और यदि प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक दबाव में कार्य करेंगे तो जनता का चुनावी प्रक्रिया से विश्वास कमजोर होगा।
भाजपा ने राज्य चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान निष्पक्ष वातावरण बनाए रखने के लिए परमजीत ठाकुर का तत्काल प्रभाव से तबादला करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस सरकार लगातार प्रशासनिक तंत्र का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग कर रही है, लेकिन भाजपा लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here