शिमला (विकास शर्मा, ब्यूरो चीफ )
शिमला जिला के कुमारसैन क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद कर एक संगठित तस्करी प्रयास को विफल किया है। यह हालिया समय की बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कुमारसैन की टीम, स्पेशल सेल शिमला के साथ NH-305 लूहरी रोड पर सैंज चौक के पास गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना के आधार पर कुल्लू से बागा सराहन जा रही HRTC बस (HP66A-5181) को जांच के लिए रोका गया।
बस में सवार एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान पंकज कुमार (30), निवासी जिला कांगड़ा के रूप में हुई। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग से 5.652 किलो चरस बरामद की गई, जो NDPS एक्ट के तहत कमर्शियल मात्रा में आती है।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।
गौरतलब है कि शिमला पुलिस ने इस वर्ष NDPS एक्ट के तहत अब तक 229 तस्करों के खिलाफ 108 मामले दर्ज किए हैं और 19 बड़े अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त किया है, जिससे नशे की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगी है।

