नाहन ( संध्या कश्यप संवाददाता ),
सिरमौर जिले के कालाअम्ब में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की जान चली गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-07 पर कालाअम्ब मस्जिद के समीप सुबह करीब साढ़े नौ बजे पेश आया, जहां तेज रफ्तार डंपर और स्कूटी की टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती अपने पिता के साथ स्कूटी पर मैनथापल से कालाअम्ब की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान करीब 22-23 वर्षीय चंचल के रूप में हुई है। हादसे में उसके पिता को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उन्हें सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


