शिमला (विकास शर्मा ,ब्यूरो चीफ ),
2 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह की कड़ी में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय संजौली के महिला प्रकोष्ठ (विमेन सेल) द्वारा ‘हराइजन’ नामक एक विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं की उद्यमशीलता और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वयं द्वारा निर्मित ऊनी वस्त्रों, बेक्ड फूड, हस्तशिल्प और आकर्षक आभूषणों के स्टॉल लगाए, जिनका महाविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अवलोकन कर खरीदारी की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्या प्रो. भारती भागड़ा ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके कौशल की जमकर प्रशंसा की और उन्हें भविष्य में भी ऐसे स्वरोजगार के प्रयासों के लिए प्रेरित किया। महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. शिवानी खत्री और उनकी पूरी समिति के कुशल मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया, जिसने छात्राओं के भीतर आत्मविश्वास और रचनात्मकता का नया संचार किया।



