शिमला (ब्यूरो रिपोर्ट),
हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार शाम को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप खिली रही।
प्रदेश के लाहौल क्षेत्र में स्थित अटल टनल रोहतांग के आसपास, पांगी और भरमौर की ऊंची चोटियों पर रुक-रुककर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते इन इलाकों में तापमान में गिरावट आई है और ठंड में इजाफा हुआ है। चंबा जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि की सूचना है।
राजधानी शिमला सहित अधिकांश मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा और दिनभर धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 28 फरवरी से 5 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे दिन के समय गर्मी का अहसास हो सकता है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 2 और 3 मार्च के आसपास लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
तापमान की बात करें तो ऊना में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार कर गया, जबकि शिमला में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 2.6 डिग्री, ताबो में माइनस 2.4 और कल्पा में 0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अतिरिक्त शिमला और सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 8.5-8.5 डिग्री, भुंतर में 7.6, धर्मशाला में 10.2, ऊना में 10.6, नाहन में 11.3, पालमपुर में 9, सोलन में 6.8, मनाली में 3.5, कांगड़ा में 10.4, मंडी में 9.4, बिलासपुर में 11.5, जुब्बड़हट्टी में 9.2, सेओबाग में 5.3, बरठी में 8.6, पांवटा साहिब में 13, सराहन में 6.3, देहरा गोपीपुर में 13 और नेरी में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़े अलर्ट की घोषणा नहीं की है, लेकिन उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सफर करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
