(सुरजीत नेगी/ रामपुर बुशहर) रामपुर बुशहर। एसजेवीएन की लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 में गणतंत्र दिवस परियोजना कार्यालय बिथल में हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह के मुख्यातिथि परियोजना प्रमुख सुनील चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राष्ट्र के 75वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी और इस दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात परियोजना की गतिविधियों तथा परियोजना द्वारा स्थानीय क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को परियोजना को समय पर पूर्ण करने हेतु पूरे मनोयोग से कार्य करने का आवाह्न किया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष पर परियोजना स्तर पर आंतर विभागीय टीमों तथा हिम्पैस्को कर्मचारियों द्वारा तिरंगा प्रतियोगिता के दौरान सुंदर देशभक्ति गीत गाकर प्रस्तुतियां दी, जिसमें विजयी प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर परियोजना के विभागाध्यक्ष, मैसर्ज पटेल इंजीनियरिंग के अधिकारी, परियोजना के अधिकारी/कर्मचारी, हिम्पैस्को एवं अनुबंध कर्मचारी सहित अन्य मौजूद रहे।वहीं रामपुर जल विद्युत स्टेशन बायल द्वारा 75वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में मुख्य महाप्रबंधक/परियोजना प्रमुख विकास मारवाह एवं उनकी धर्मपत्नी नमिता मारवाह बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। परियोजन प्रमुख ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया एवं सीआईएसएफ, हिम्पेस्को के जवानों ने परेड की सलामी ली। उन्होंने जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि रामपुर एचपीएस विद्युत उत्पादन के नित नए उच्चतम मापदंडों को स्थापित कर रहा है। एसजेवीएन की रामपुर परियोजना ने अगस्त, 2023 में 337.1653 मिलियन यूनिट उत्पादन कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नंदलाल शर्मा की अगुवाई में एसजेवीएन देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपना परचम लहरा रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर अंातर विभागीय समूहगान प्रतियोगिता तिरंगा का आयोजन किया गया, जिसमें देश भक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुतियां रामपुर एचपीएस के नियमित कार्मिकों, हिमपेस्को कार्मिकों व महिला कल्ब की सदस्यों द्वारा दी गई। इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया। मुख्यातिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।-
