नरेंद्र कुमार सोलन
सोलन। एंटी-चिट्टा अभियान के तहत जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों में तीन मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 13 किलो 630 ग्राम चूरापोस्त और 22.27 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। इन मामलों में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पहले मामले में 27 सितंबर को धर्मपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 13 किलो 630 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में कुमारहट्टी निवासी हरिदत्त और जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया। ट्रक को भी कब्जे में लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।दूसरे मामले में 29 सितंबर को धर्मपुर क्षेत्र में SIU टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक वाहन की तलाशी ली। वाहन में सवार तीन युवकों के कब्जे से 11.27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान गौरव वर्मा, शुभम ठाकुर और वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। तीनों आरोपियों को 30 सितंबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।वहीं, तीसरे मामले में धर्मपुर पुलिस ने पट्टा मोड़, कुमारहट्टी के पास कार्रवाई करते हुए ठियोग निवासी संजय को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी को भी 30 सितंबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। नशे की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।