ब्यूरो रिपोर्ट
कांगड़ा। जिला कांगड़ा में आम लोगों को खाद्य पदार्थ और जरूरी वस्तुएं निर्धारित दरों पर उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन ने नई रेट लिस्ट जारी की है। जिला दंडाधिकारी हेमराज बैरवा की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब दुकानदार, ढाबा संचालक और अन्य विक्रेता निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक राशि नहीं वसूल सकेंगे। नई दरों में सभी कर शामिल हैं।निर्धारित दरों के अनुसार अब चाय 15 रुपये प्रति कप और समोसा 15 रुपये प्रति पीस मिलेगा। खाने-पीने की वस्तुओं में साधारण दाल 50 रुपये, फ्राइड दाल 70 रुपये, स्पेशल सब्जी 80 रुपये, पालक पनीर 100 रुपये और मटर पनीर 110 रुपये प्रति प्लेट निर्धारित किया गया है। पांच पीस मीट वाली प्लेट 145 रुपये और चिकन करी 95 रुपये में मिलेगी।
रोटी और पराठों के दाम भी तय किए गए हैं। तंदूरी रोटी नौ रुपये और तवा चपाती सात रुपये की मिलेगी। अचार के साथ स्टफ्ड पराठा 30 रुपये, जबकि सादा पराठा 20 रुपये का निर्धारित किया गया है। दो पूरी या भटूरे चना-दही के साथ 60 रुपये में मिलेंगे। वहीं, चावल-चपाती, दाल या सब्जी-कढ़ी वाली फुल डाइट के लिए 100 रुपये चुकाने होंगे। फुल प्लेट चावल की कीमत 60 रुपये तय की गई है।चाइनीज और तिब्बती व्यंजनों के दाम भी निर्धारितप्रशासन ने चाइनीज और तिब्बती व्यंजनों के लिए भी दरें तय की हैं। वेज चाऊमीन की फुल प्लेट 70 रुपये और हाफ प्लेट 40 रुपये में मिलेगी। वहीं, नॉन-वेज चाऊमीन की फुल प्लेट 80 रुपये और हाफ प्लेट 45 रुपये की होगी।वेज मोमो की फुल प्लेट 80 रुपये और हाफ प्लेट 45 रुपये, जबकि नॉन-वेज मोमो की फुल प्लेट 110 रुपये और हाफ प्लेट 60 रुपये निर्धारित की गई है। इसी तरह वेज थुपका की फुल प्लेट 70 रुपये और हाफ प्लेट 50 रुपये, जबकि नॉन-वेज थुपका की फुल प्लेट 80 रुपये और हाफ प्लेट 55 रुपये में मिलेगी।मीट, चिकन, मछली, दूध और पनीर के रेट भी तय
जिला प्रशासन की ओर से मांस और मछली की कीमतें भी निर्धारित की गई हैं। बकरा और भेड़ का मीट 600 रुपये प्रति किलो, सूअर का मीट 300 रुपये प्रति किलो, साफ किया हुआ चिकन 240 रुपये प्रति किलो और जिंदा चिकन 180 रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा। बिना तली मछली की कीमत 240 रुपये और तली हुई मछली की कीमत 340 रुपये प्रति किलो तय की गई है।दूध और दुग्ध उत्पादों की बात करें तो स्थानीय दूध 60 रुपये प्रति लीटर और उबला हुआ स्थानीय दूध 70 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। पैक्ड दूध अंकित मूल्य पर बेचा जाएगा। दही की कीमत 90 रुपये प्रति किलो और स्थानीय पनीर की कीमत 360 रुपये प्रति किलो तय की गई है।दुकानों पर रेट लिस्ट लगाना अनिवार्यजिला प्रशासन ने सभी दुकानदारों, ढाबा संचालकों और अन्य विक्रेताओं को अपने प्रतिष्ठानों में निर्धारित दरों की सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्राहकों से निर्धारित दरों के अनुसार ही राशि वसूलने को कहा गया है।प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य बाजार में खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित रखना तथा आम जनता को निर्धारित दरों पर सामान उपलब्ध करवाना है। अब कांगड़ा जिले में उपभोक्ता निर्धारित रेट लिस्ट के अनुसार वस्तुओं और खाद्य पदार्थों की कीमतों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।