ब्यूरो रिपोर्ट।
कुमारसैन। जिला शिमला के उपमंडल कुमारसैन के जबलपुर (जरोल) गांव में सेब तुड़ान के दौरान पेड़ से गिरने से 62 वर्षीय जीवानंद की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे जीवानंद अपने बेटे अजय के साथ बगीचे में सेब तुड़ान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पेड़ की एक टहनी टूट गई, जिससे वह संतुलन खो बैठे और सीधे जमीन पर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।परिजन उन्हें तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से कोटगढ़ अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने कुमारसैन अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।