निशेष शर्मा राजगढ़
राजगढ़। पुलिस थाना राजगढ़ में मारपीट, जान से मारने की कोशिश और वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में करगाणु निवासी अंकुर ने बताया कि वह अपनी पत्नी राजकुमारी और छोटी बच्ची के साथ कार नंबर HP16A-1768 में नौणी से अपने घर की ओर आ रहा था।शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह गेईघाट के पास पहुंचा तो रिंकु उर्फ राजेश पिकअप लेकर उसका पीछा करने लगा। आरोप है कि उसने उसकी कार को टक्कर मारकर नदी में गिराने का प्रयास किया। हालांकि, आगे दूसरी गाड़ी आने के कारण शिकायतकर्ता की कार वहां से निकल गई, जबकि आरोपी की पिकअप फंस गई और अंकुर व उसका परिवार सुरक्षित बच गया।इसके बाद गांव में कार रोककर जब अंकुर ने इस संबंध में रिंकु से पूछताछ की तो कथित तौर पर उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने बचाव में पलटवार किया और बाद में वह घर चला गया।आरोप है कि इसके बाद रिंकु अपने पूरे परिवार के साथ वहां पहुंचा और रिंकु तथा उसके भाई शिशुपाल ने लोहे की रॉड से कार के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए।पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।