चप्पल निकालने के दौरान बरसाती नाले में डूबा 12 वर्षीय बच्चा, NDRF ने बरामद किया शव

0
57

संध्या कश्यप नाहन।

नाहन: औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के रामपुर जट्टान में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां बरसाती नाले में गई चप्पल को निकालने के प्रयास में 12 वर्षीय बच्चा गहरे पानी में डूब गया। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस और NDRF की टीम ने बच्चे का शव बरामद कर लिया।जानकारी के अनुसार बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ रामपुर जट्टान में रहते हैं। मंगलवार सुबह उनका 12 वर्षीय बेटा अमरजीत कुमार अपने एक साथी के साथ घर के पास स्थित बरसाती नाले के पास गया था।बताया जा रहा है कि नाले में नहाने के दौरान अमरजीत की चप्पल पानी में चली गई। चप्पल निकालने के प्रयास में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव के साथ गहरे पानी में डूब गया। उसके साथ मौजूद बच्चे ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।हादसे की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और NDRF की टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद पुलिस और NDRF जवानों ने नाले में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार टीम ने अमरजीत का शव बरामद कर लिया।हादसे की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here