हिमाचल में मानसून का महाकहर: पत्थरों की चपेट में आई कार, दंपती की दर्दनाक मौत

0
99

ब्यूरो रिपोर्ट।

शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर कहर बरपा रहा है। लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन, बादल फटने और सड़कें बंद होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दंपती की मौत हो गई, जबकि मनाली में बादल फटने से सेब के बगीचों को भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में राणाबाग-देहुरी सड़क पर करोईगाड़ के पास पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार पत्थरों की चपेट में आकर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में रामपुर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. बृज लाल और उनकी पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी भव्या घायल हो गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर, मनाली की बुरुआ पंचायत के शिलिंग नाले में बादल फटने से भारी तबाही मची। पानी और मलबा सीधे सेब के बगीचों में घुस गया, जिससे 100 से अधिक सेब के पेड़ बह गए और कई बगीचे पूरी तरह मलबे में दब गए। बागवानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 122 सड़कें बंद रहीं। इसके अलावा 19 बिजली ट्रांसफार्मर और 31 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। सबसे अधिक असर मंडी जिले में देखा गया, जहां 54 सड़कें और 12 ट्रांसफार्मर अभी भी बंद हैं।

किन्नौर जिले में चौरा के पास भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-05 कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया, जिसे मशीनों की मदद से बहाल किया गया। वहीं मनाली में पलचान पुल के पास भूस्खलन और सोलंग घाटी मार्ग पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) मार्ग को सुचारु करने में जुटा हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को शिमला में सबसे अधिक 34 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। विभाग ने 6 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने 1 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और सिरमौर, 2 अगस्त को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर, 3 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी, 4 अगस्त को ऊना, बिलासपुर, चंबा और मंडी तथा 5 और 6 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here