5 अगस्त तक नहीं मिलेगी राहत! हिमाचल के 7 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

0
101

ब्यूरो रिपोर्ट

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का रौद्र रूप लगातार जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में 5 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं अगले 24 घंटों के लिए कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल के अनुसार इन जिलों के जलग्रहण क्षेत्रों और निचले इलाकों में अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और जलभराव की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों तथा खड्डों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।मौसम विभाग के अनुसार 1 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन, 2 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर तथा 3 अगस्त को चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। 4 अगस्त को अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 5 अगस्त को एक बार फिर कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।पिछले 24 घंटों के दौरान धर्मशाला में सबसे अधिक 27.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नाहन में 8.4, नेरी में 8, कांगड़ा में 6.8, मंडी में 1.6 और सुंदरनगर में 0.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में जनजीवन प्रभावित है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सुबह तक 170 सड़कें, 100 ट्रांसफार्मर और 41 पेयजल योजनाएं बाधित थीं। हालांकि राहत कार्यों के बाद शाम 6 बजे तक स्थिति में सुधार हुआ और बंद सड़कों की संख्या घटकर 130, बाधित ट्रांसफार्मरों की संख्या 10 तथा पेयजल योजनाएं 19 रह गईं। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here