( ब्यूरो रिपोर्ट),
हमीरपुर। जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत हिम्मर के गांव दरोवड़ी में एक दुखद घटना सामने आई है। शराब की लत के चलते एक 47 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अजय कुमार (47) पुत्र रावणमल, निवासी गांव दरोवड़ी, डाकघर हिम्मर के रूप में हुई है। अजय कुमार पेशे से मिस्त्री था। बताया जा रहा है कि वह बुधवार शाम शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
पत्नी ने पैसे देने से इंकार कर दिया, जिसके बाद वह घर के अन्य कामों में व्यस्त हो गई। कुछ देर बाद जब वह मकान की छत पर पहुंची तो उसने देखा कि अजय कुमार छत के साथ सटे एक पेड़ के सहारे फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भोरंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।