हरिपुरधार ( दीपांशु शर्मा , संवाददाता ),
हरिपुरधार, 21 जुलाई। हरिपुरधार और आसपास के क्षेत्रों में बीती रात हुई भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते क्षेत्र की 12 प्रमुख सड़कें बंद हो गईं, जिससे कई इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। राहत की बात यह है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़कों की बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
विभाग ने राहत एवं पुनरुद्धार कार्य के लिए 3 सरकारी और 8 निजी सहित कुल 11 जेसीबी मशीनों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया है। मशीनों की मदद से मलबा हटाने और बंद मार्गों को खोलने का काम लगातार जारी है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार अब तक नाहन-ददाहू-हरिपुरधार (NDH) और संगड़ाह-पालर मार्ग को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। वहीं अगले कुछ घंटों में रेणुका जी-रेणुका सतोन, दनोई-खूड़ द्राबिल और मगवा-सियूं मार्ग को भी खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रही हैं और यदि मौसम अनुकूल रहा तो शाम तक अधिकांश बंद सड़कों पर यातायात बहाल होने की उम्मीद है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



