सर्पदंश से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत, पीजीआई ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

0
366

ब्यूरो रिपोर्ट।

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के डाडासीबा क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत भनेड़ के गांव मलोट में सर्पदंश के कारण एक आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई। मृतका की पहचान सुदेश कुमारी (58) के रूप में हुई है, जो स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के पद पर कार्यरत थीं।जानकारी के अनुसार, रविवार को सुदेश कुमारी अपने घर पर थीं। इसी दौरान उन्हें अचानक पैर में किसी जहरीले जीव के काटने का अहसास हुआ। परिजनों ने जांच की तो उनके पैर पर सांप के डसने के निशान मिले। कुछ ही देर में जहर शरीर में फैलने लगा, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चक्कर आने के साथ उल्टियां शुरू हो गईं।परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने घटना की पुष्टि की है। वहीं, ग्राम पंचायत भनेड़ की प्रधान शशी ने सुदेश कुमारी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here