सोलन ( नरेंद्र कुमार , संवाददाता ),
जिला पुलिस की SIU (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) टीम ने 16 जून 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर डगशाई लिंक रोड स्थित वर्षा शालिका के समीप नाकाबंदी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नाकाबंदी के दौरान वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी बीच एक पंजाब नंबर की संदिग्ध कार को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में सवार एक महिला और दो पुरुषों के कब्जे से 23.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मादक पदार्थ को कब्जे में लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान आनंद कुमार सिंह (29), इन्दर पाल (39) और जसबीर कौर (32) के रूप में हुई है, जो पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हेरोइन की आपूर्ति कहां से हुई और इसे कहां पहुंचाया जाना था। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
