ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नसीम मोहम्मद दीदान का निधन

0
31

नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ),

हिमाचल प्रदेश के जाने-माने मुस्लिम एवं अल्पसंख्यक समाज के वरिष्ठ नेता, समाज सुधारक और कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता नसीम मोहम्मद दीदान का शनिवार सुबह नाहन स्थित उनके आवास पर अचानक निधन हो गया। उनके निधन से सिरमौर जिला सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।

नसीम मोहम्मद दीदान लंबे समय तक ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष रहे और वर्तमान में संगठन के मुख्य सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में मुस्लिम समाज को एक अलग पहचान दिलाने और सामाजिक उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वन विभाग में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए दीदान ने अपना जीवन समाज सेवा को समर्पित कर दिया था। वे हमेशा जरूरतमंदों, गरीबों और असहाय लोगों की सहायता के लिए आगे रहते थे, जिसके कारण उन्हें समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था।

ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट शकील अहमद शेख तथा जिला मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के प्रधान कैप्टन सलीम अहमद ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नसीम मोहम्मद दीदान के निधन से हिमाचल प्रदेश ने एक समर्पित समाजसेवी, मार्गदर्शक और अल्पसंख्यक समाज की मजबूत आवाज को खो दिया है।

एडवोकेट शकील अहमद शेख के अनुसार, दिवंगत नसीम मोहम्मद दीदान की अंतिम यात्रा आज शाम 5 बजे उनके गुन्नूघाट स्थित निवास से निकलेगी। इसके बाद जामा मस्जिद कच्चा टैंक में नमाज-ए-जनाजा अदा की जाएगी तथा कच्चा टैंक कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

उनके निधन पर सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here