ब्यूरो रिपोर्ट।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शनिवार शाम एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक निजी स्कूल के परिसर में घुसकर एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।मृतका की पहचान मनीषा मित्तल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूल गेट के समीप उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मनीषा को तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि वारदात से कुछ समय पहले मनीषा पास की एक दुकान से मैगी और अन्य सामान लेकर लौट रही थीं। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।प्राथमिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार मृतका का अपने भाई के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे शिमला शहर में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।