भरमौर ( ओपी शर्मा , संवाददाता ),
ग्राम पंचायत पूलन में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पंचायत प्रतिनिधियों और जल शक्ति विभाग की प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी शरारती तत्व द्वारा जल स्रोत से छेड़छाड़ किए जाने का सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जल शक्ति विभाग की टीम को मौके पर भेजकर सच्चाई का पता लगाया गया। विभागीय जांच और वायरल वीडियो के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि पूरे घटनाक्रम के पीछे किसी व्यक्ति द्वारा गलत मंशा से की गई शरारत शामिल है।
बताया गया कि गड्ढा नाला क्षेत्र का जल स्रोत तीन गांवों को पेयजल उपलब्ध कराता है। यहां से दो अलग-अलग पाइप लाइनों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती है। इनमें एक पाइप लाइन सिरडी और बगड़ू गांव के लिए तथा दूसरी पाइप लाइन मेहतर गांव के लिए जाती है।
जब मेहतर गांव के लोगों के घरों में गंदा और पीला पानी पहुंचने लगा तो गांव के युवा स्वयं जल स्रोत की ओर पहुंचे। मौके पर उन्होंने पाया कि मेहतर गांव को जाने वाली पाइप लाइन को मूल जल स्रोत से हटाकर नीचे जमा रुके हुए गंदे पानी में डाल दिया गया था, जिससे गांव में दूषित पानी पहुंच रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह हरकत किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर की गई, ताकि लोगों को गंदा पानी मिले और भ्रम की स्थिति पैदा हो। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गड्ढा नाला का मूल जल स्रोत पूरी तरह स्वच्छ है और वहां के पानी में किसी प्रकार की गंदगी नहीं पाई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जल शक्ति विभाग ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग द्वारा पुलिस थाना भरमौर में एफआईआर दर्ज करवाई गई है तथा घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने भी जल स्रोतों से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
नाहन ( संध्या कश्यप संवाददाता ), नाहन शहर में बिजली कट और लो-वोल्टेज की समस्या…
ब्यूरो रिपोर्ट जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान…
कुल्लू ( आशा डोगरा , सब एडिटर ), कुल्लू, हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश के लिए…
ब्यूरो रिपोर्ट प्रदेश में जून के महीने की भीषण गर्मी ने मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों…
ब्यूरो रिपोर्ट बैजनाथ उपमंडल के चौबीन क्षेत्र में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने…
केलांग (रंजीत लाहौली ,संवाददाता ), उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आज जिला लाहौल के…