सड़क हादसे के बाद खुला नशा तस्करी का राज, युवक-युवती सहित दो गिरफ्तार

0
123

ब्यूरो रिपोर्ट

मंडी जिला के थाना बल्ह पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57.79 ग्राम चिट्टा और 3.81 ग्राम अफीम बरामद की है।
जानकारी के अनुसार बीती शाम थाना बल्ह क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना हुई थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। इस दौरान वाहन चालक और उसके साथ मौजूद युवती के हाव-भाव देखकर लोगों को उनके नशे की हालत में होने का संदेह हुआ। साथ ही वाहन में किसी नशीले पदार्थ के होने की आशंका भी जताई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना बल्ह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 57.79 ग्राम चिट्टा, 3.81 ग्राम अफीम तथा नशे के सेवन में प्रयुक्त अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने सभी बरामद सामान को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशपाल निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी तथा शबनम निवासी धर्मपुर, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना बल्ह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here