नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

0
19

सुरजीत नेगी/रामपुर बुशहर

भारत सरकार एवं निगम कार्यालय के निर्देशानुसार नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर के नेतृत्व में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस-2026 हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष पर्यावरण दिवस की थीम “Inspired by Nature, For Climate, For Our Future” रही।कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख राजीव कपूर द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर की गई। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके बच्चों तथा प्रशिक्षुओं के लिए नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्योरी में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 380 विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर से ज्योरी बाजार तक पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली। इसके उपरांत मुख्य अतिथि राजीव कपूर एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विद्यालय परिसर में “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।इसके अतिरिक्त नाथपा डैम परिसर में भी पौधारोपण किया गया। वहीं, हेल्प एज इंडिया द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से विभिन्न गांवों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस अवसर पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषण और अन्य हानिकारक प्रभावों से बचाने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और संतुलित वातावरण सुनिश्चित करने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पर्यावरण की वर्तमान चुनौतियों के प्रति जागरूक करना है, क्योंकि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रामपुर के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक डोगरा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here