बर्फीले पहाड़ों के बीच फिर दौड़ेगी दिल्ली-लेह बस, 26 मई से सेवा शुरू

0
18

ब्यूरो रिपोर्ट।

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बहुप्रतीक्षित दिल्ली-केलांग-लेह बस सेवा 26 मई से एक बार फिर शुरू होने जा रही है।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा केलांग-लेह मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब देश के सबसे लंबे बस रूट्स में शामिल इस सेवा पर एचआरटीसी की बसें दौड़ती नजर आएंगी। सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी के चलते इस सेवा को बंद कर दिया गया था।बस सेवा के फिर से शुरू होने से लेह जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह बस राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर स्थित कई प्रमुख पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जिस्पा, दारचा, जिंगजिंग बार, बारालाचा ला, भरतपुर, सरचू, गाटा लूप्स, नकी-ला पास, तंगलंग-ला, रुम्तसे और उपशी जैसे खूबसूरत और रोमांचक स्थानों का अनुभव मिलेगा।एचआरटीसी के अनुसार दिल्ली से लेह तक की कुल दूरी लगभग 990 किलोमीटर है और इस सफर के लिए किराया 1839 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी एचआरटीसी पोर्टल पर उपलब्ध करवाई गई है।समयसारणी के अनुसार बस दिल्ली से दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी। यह बस अंबाला कैंट 3:50 बजे, चंडीगढ़ 6:20 बजे, मंडी रात 10:55 बजे, कुल्लू रात 1:30 बजे, मनाली 2:30 बजे होते हुए सुबह 5:30 बजे केलांग पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन शाम 7:00 बजे बस लेह पहुंचेगी।वापसी यात्रा में बस लेह से सुबह 3:30 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे केलांग पहुंचेगी।इस सेवा के शुरू होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए भी आवागमन आसान होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here