ब्यूरो रिपोर्ट
जिला मुख्यालय नाहन के विला राउंड क्षेत्र में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक पर तीन युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने युवक का रास्ता रोककर उसके सिर पर लोहे के कड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव कठाणा, डाकघर सुरला, तहसील नाहन निवासी दीपक ठाकुर पुलिस भर्ती के लिए ग्राउंड प्रैक्टिस करने विला राउंड गया था। शिकायत के मुताबिक, बीते कल शाम करीब 7:30 बजे जब वह विला राउंड गेट के पास अपनी स्कूटी पार्क कर रहा था, तभी स्कूटी नंबर HP18C-5217 पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे।आरोप है कि तीनों युवकों ने दीपक का रास्ता रोक लिया और उसके सिर पर हाथ में पहने लोहे के कड़े से जोरदार वार कर दिया। हमले में दीपक के सिर पर गहरी चोटें आईं। शिकायतकर्ता ने आरोपियों की पहचान अंकित, आर्यन और शुभम के रूप में की है।मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना नाहन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।