रामपुर बुशहर (सुरजीत नेगी / संवाददाता ),
एसजेवीएन आगामी 24 मई को अपना 39वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1 (एलएचईपी-1) द्वारा 22 मई 2026 को एक मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर विवेक शर्मा, परियोजना प्रमुख द्वारा एसजेवीएन का ध्वज फहराया गया तथा इसके उपरांत उन्होंने मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एलएचईपी-1 के सभी विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम को पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न आयु वर्गों की कुल आठ श्रेणियों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एलएचईपी-1 के कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा कार्यालय में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन एलएचईपी-1 कार्यालय, बायल से प्रारंभ होकर महेश रेजेंसी, निरसू में संपन्न हुई। मिनी मैराथन के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विवेक शर्मा, परियोजना प्रमुख, उनकी धर्मपत्नी किरण शर्मा एवं सभी विभागाध्यक्ष द्वारा मिनी मैराथन एवं रस्साकशी के विजेताओं को सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विवेक शर्मा ने मिनी मैराथन में प्रतिभागियों द्वारा दिखाए गए उत्साह और जोश की सराहना की। साथ ही उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए प्रतिभागियों द्वारा प्रदर्शित खेल भावना और उत्साह की सराहना की।









