सोलन ( नरेंद्र कुमार , संवाददाता ),
परवाणू पुलिस ने चिट्टा तस्करी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब निवासी एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना परवाणू में दर्ज मामले की जांच के दौरान पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनमें से दो आरोपियों की गिरफ्तारी बैकवर्ड लिंकज के आधार पर हुई थी। मामले में अब तक कुल 20 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की जा चुकी है।
पुलिस द्वारा आरोपियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया, जिसके आधार पर पंजाब निवासी कुलदीप सिंह की संलिप्तता सामने आई। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लेकर पहुंचा, लेकिन अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 20 मई 2026 को सोलन क्षेत्र से कुलदीप सिंह पुत्र हरभजन सिंह निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 21 मई को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जो पंजाब और चंडीगढ़ से संबंधित बताए जा रहे हैं। मामले की आगामी जांच जारी है।

