रामपुर बुशहर (सुरजीत नेगी,संवाददाता ),
विद्युत मंत्रालय भारत सरकार और एसजेवीएन निगम मुख्यालय शिमला के दिशा-निर्देशों के तहत नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में 16 मई से 31 मई 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा 2026” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को शपथ ग्रहण समारोह के साथ किया गया।
इस अवसर पर परियोजना परिसर झाकड़ी और नाथपा डैम में कार्यरत अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान एसजेवीएन द्वारा विभिन्न जागरूकता एवं जनहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, सरकारी विद्यालयों में बालिका शौचालय गोद लेना, स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक तथा अन्य जन-जागरूकता गतिविधियां शामिल रहेंगी।
एसजेवीएन प्रबंधन के अनुसार इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य एनजेएचपीएस कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण के प्रति लोगों को प्रेरित करना है।



