कोलर हमले का मुख्य आरोपी दो साथियों संग गिरफ्तार, दो वाहन जब्त

0
41

नाहन ( संध्या कश्यप , संवाददाता ),

नाहन। जिला सिरमौर के कोलर क्षेत्र में 11 मई को दुकानदार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रमन समेत तीन आरोपियों को सिरमौर पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो वाहनों को भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, 11 मई को कोलर में विशाल नामक युवक पर तलवार और डंडों से हमला किया गया था। घटना के बाद थाना माजरा में पीड़ित की शिकायत पर दीपक, रमन और विक्की समेत 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात वाले दिन ही आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही हमले में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया गया था।

मुख्य आरोपी रमन और उसके अन्य साथियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। साइबर टीम और थाना माजरा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए तकनीकी विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन के आधार पर हरियाणा के विभिन्न इलाकों में दबिश दी।

लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रमन और उसके दो साथियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल दो अन्य वाहन भी जब्त किए हैं।

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस मामले में हमले के पीछे की वजह और अन्य शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here