शिमला ( विकास शर्मा , ब्यूरो चीफ ),
जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नोगली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक वाहन से विभिन्न ब्रांड की 218 बोतल अवैध शराब बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रामपुर की पुलिस टीम नोगली क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान संदेह के आधार पर एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से ट्यूबोर्ग बीयर, ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, ऑल सीजन, रॉयल चैलेंज, स्टर्लिंग रिजर्व, सोलन नं.1, आइकोनिक व्हाइट, नाटी नं.1 और ऊना नं.1 सहित कुल 218 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान मुनीश कुमार (24) पुत्र रमेश कुमार निवासी गांव शनोग, तहसील करसोग जिला मंडी तथा संजय कुमार (33) पुत्र शोभा राम निवासी गांव चिमनी, तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी शराब संबंधी कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रामपुर में अभियोग संख्या 49/2026, धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

