नाहन (संध्या कश्यप , संवाददाता ),
सिरमौर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस द्वारा उदघोषित अपराधियों को पकड़ने के लिए बनाए गए विशेष सेल ने 8 अप्रैल 2026 को चोरी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हीरा बहादुर पुत्र ज्ञान बहादुर, निवासी गांव धनोरा, थाना मुलाना, तहसील बरवाला, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2018 में नाहन के पुलिस थाना में दर्ज चोरी के मामले में शामिल था और लंबे समय से फरार चल रहा था।विशेष सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को नारायणगढ़ (हरियाणा) से गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।

