भरमौर (ओपी शर्मा ,संवाददाता ),
उपमंडल भरमौर में बिजली लाइन पर कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के लिए सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर और कंपनी प्रबंधन की कथित लापरवाही को जिम्मेदार बताया जा रहा है।
पुलिस थाना भरमौर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सिविल अस्पताल (CH) भरमौर से दूरभाष पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके की पुष्टि के लिए अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने घायल व्यक्ति छम्मू पुत्र बशीर मोहम्मद, निवासी गांव टटरोग, डाकघर खुशनगरी, तहसील चुराह, जिला चंबा को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के साथ आए उसके भाई महवूब का बयान धारा 173 BNSS के तहत दर्ज किया गया।
दो साल से कर रहे थे बिजली लाइन का काम
बयान के अनुसार, मृतक छम्मू और उसका भाई महवूब पिछले करीब दो वर्षों से JSW कंपनी के तहत खड़ामुख से बैराज साइट तक 11 केवी बिजली लाइन बिछाने और मरम्मत का कार्य कर रहे थे।
बताया गया कि 13 मार्च को ADIT-06 के पास दोनों भाई बिजली लाइन की मरम्मत और तारें बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान करीब दोपहर 2 बजे, छम्मू ने बिजली के खंभे पर चढ़ने से पहले मच्छेत्तर सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन को फोन कर बिजली बंद करने के लिए कहा।
परिजनों के अनुसार, बिजली बंद होने की पुष्टि मिलने के बाद ही वह कार्य करने के लिए पोल पर चढ़ा, लेकिन जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, उसे अचानक करंट लग गया।
20-25 मीटर गहरी ढांक में गिरा
करंट लगने से छम्मू संतुलन खो बैठा और खंभे से करीब 20 से 25 मीटर नीचे ढांक में जा गिरा। हादसे में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसके भाई महवूब और JSW कंपनी के फार्मासिस्ट राजीव कुमार उसे कंपनी की एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए CH भरमौर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुपरवाइजर व कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच और दर्ज बयान के आधार पर यह हादसा मच्छेत्तर सब स्टेशन के साइट सुपरवाइजर बृज मोहन तथा JSW कंपनी प्रबंधन की लापरवाही के कारण होना पाया गया। इस आधार पर थाना भरमौर में मामला दर्ज कर लिया गया है।
शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामले की जांच उपनिरीक्षक संदीप कुमार कर रहे हैं।
संध्या कश्यप नाहन। नाहन। उपमंडल सराहां में तालाब में डूबने से 35 वर्षीय युवक की…
नाहन (संध्या कश्यप ,संवाददाता ), हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस (HP-18 9782)…
शिमला (विकास शर्मा ,ब्यूरो चीफ ), प्रदेश में एंट्री फीस की वृद्धि को लेकर भी…
नाहन (संध्या कश्यप , संवाददाता ), सिरमौर जिला के अंतर्गत आने वाले शिलाई क्षेत्र में…
नाहन (संध्या कश्यप , संवाददाता ), औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और इसके साथ लगते दर्जनों गांवों…
शिमला ९विकस शर्मा ,ब्यूरो चीफ ), हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल, 2026 को ऐतिहासिक रिज…