ब्यूरो रिपोर्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के एक निजी होटल में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ननखड़ी क्षेत्र के करांगला गांव निवासी उमेश सिंगला (26) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के मामा देवीलाल ने होटल प्रबंधन और युवक के साथ मौजूद लोगों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जिस कमरे में उमेश ठहरा हुआ था, वहां उसके साथ एक युवती और तीन अन्य युवक भी मौजूद थे।
परिजनों के मुताबिक, उमेश की मौत देर रात ही हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद होटल प्रबंधन अथवा कमरे में मौजूद अन्य लोगों की ओर से समय रहते पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को घटना की जानकारी सुबह करीब 6 बजे के बाद दी गई। इसको लेकर परिवार ने कई सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने मांग की है कि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस होटल में ठहरने वाले लोगों सहित मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद ननखड़ी क्षेत्र के करांगला गांव में शोक की लहर है।