( ब्यूरो रिपोर्ट )
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र की करीब 14 पंचायतों के किसानों ने रविवार को टाउनशिप के लिए भूमि अधिग्रहण की राज्य सरकार की योजना के खिलाफ आंदोलन करने और कानूनी लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी। उन्होंने इस संबंध में हिमुडा द्वारा जारी अधिसूचना रद्द करने की मांग की।
”हम बद्दी में एक ‘मिनी चंडीगढ़’ नहीं चाहते”
परियोजना के दायरे में आने वाली जमीन के मालिक ग्रामीणों ने कहा, ”हम बद्दी में एक ‘मिनी चंडीगढ़’ नहीं चाहते।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र को सड़कों, अस्पतालों, स्कूलों, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के अवसरों की जरूरत है, न कि ऐसे विकास की, जिसके कारण लोगों को अपनी पैतृक जमीन और घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़े। प्रस्तावित ‘हिम-चंडीगढ़’ टाउनशिप सोलन जिले के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के शीतलपुर में विकसित की जानी है। यह चंडीगढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस साल जनवरी में दावा किया था कि तीन पंचायतें इस परियोजना के लिए जमीन देने को तैयार हैं। हिमाचल प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) ने 23 अक्टूबर को एक अधिसूचना जारी कर बताया था कि सरकार निजी भूमि सहित 8,000 बीघा से अधिक जमीन का अधिग्रहण करने का प्रस्ताव रखती है। प्रस्तावित टाउनशिप के विरोध में प्रभावित गांवों के किसानों ने बैठक की और घोषणा की कि वे किसी भी परिस्थिति में परियोजना के लिए अपनी पैतृक और निजी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने 28 और 30 नवंबर को राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का भी फैसला किया।
किसानों ने अधिकारियों के कामकाज पर भी सवाल उठाए
मुख्यमंत्री सुक्खू ने 17 नवंबर को सदन में बताया था कि सरकार ने चंडीगढ़ में कोई जमीन नहीं बेची है, बल्कि 8,000 बीघा जमीन आवास विभाग को हस्तांतरित की है। बैठक के दौरान किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने जमीनी हकीकत और स्थानीय लोगों की आपत्तियों को सरकार के सामने सही तरीके से पेश नहीं किया। बैठक में पूर्व विधायक परमजीत सिंह, हंसराज चंदेल, भाग सिंह कुंडलस, कृष्ण कौशल, चिंतराम, संजीव ठाकुर, चरणदास, विधि चंद राणा, जिला परिषद सदस्य राज कुमार और बीडीसी उपाध्यक्ष अशोक कुमार सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद थे।