जूनियो के समीप 50 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दंपति गंभीर रूप से घायल

0
338

निशेष शर्मा राजगढ़

राजगढ़ (सिरमौर)। सोलन-राजगढ़ मार्ग पर जूनियो गांव के समीप शनिवार दोपहर एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में जीप सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल राजगढ़ ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल सोलन रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घंडूरी निवासी सुरेंद्र (50) अपनी पत्नी रीना (47) के साथ बोलेरो जीप नंबर HP 71A-2005 में शनिवार बाद दोपहर करीब ढाई बजे अपने घर घंडूरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जूनियो गांव के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क से करीब 50 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

थाना प्रभारी राजविंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में घायल दोनों पति-पत्नी को उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों की हालत फिलहाल ठीक है और वे बातचीत कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here