ब्यूरो रिपोर्ट
शिमला। राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में एक युवती का पीछा कर उसे परेशान करने का मामला सामने आया है। युवती ने धर्मवंश ठाकुर नामक युवक पर पीछा करने और परेशान करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को थाने लाकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से युवती की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता युवती, उसकी बहन तथा आरोपी युवक को पुलिस थाना संजौली लाया गया।
पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की। इस दौरान आरोपी का कृत्य हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 114(10) के तहत पाए जाने पर उसे जमानत मुचलके पर पाबंद किया गया। साथ ही आरोपी को पर्यवेक्षक अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की निगरानी की जा रही है।
